Adda Junction - Latest News, Blogs & Stories from India and Beyond | अड्डा जंक्शन – देश-दुनिया की ताज़ा खबरें और ब्लॉग्स

Header

नई दिल्ली 🏛️

Loading...

लखनऊ 🕌

Loading...

पटना 🏯

Loading...

collapse
...
Home / चंपारण / बिहार / राज्य / बेतिया / कुकुरा पंचायत में निर्माणाधीन पंचायत सरकार भवन में भारी अनियमितता, बीपीआरओ की सख्त कार्रवाई

कुकुरा पंचायत में निर्माणाधीन पंचायत सरकार भवन में भारी अनियमितता, बीपीआरओ की सख्त कार्रवाई

09/01/2026  Shekhar Gupta  18 views

बेतिया:

बेतिया जिले के नरकटियागंज प्रखंड की कुकुरा पंचायत अंतर्गत पड़रिया गांव में निर्माणाधीन पंचायत सरकार भवन में गंभीर अनियमितताओं का मामला सामने आया है। ग्रामीणों की शिकायत के बाद प्रखंड प्रशासन ने गुरुवार को मौके पर पहुंचकर निर्माण कार्य की जांच की।

जांच के दौरान बीपीआरओ विवेक आर्य ने निर्माण स्थल का निरीक्षण किया, जहां कई खामियां पाई गईं। अनियमितता मिलने पर उन्होंने निर्माण एजेंसी के कर्मियों को कड़ी फटकार लगाई और पूरे मामले की विस्तृत रिपोर्ट जिला पदाधिकारी को भेजने की बात कही।

बीपीआरओ ने बताया कि पंचायत सरकार भवन के निर्माण में घटिया किस्म की सामग्री का इस्तेमाल किया जा रहा था। जांच में पाया गया कि निर्माण स्थल पर उपयोग हो रही बालू की गुणवत्ता बेहद खराब थी, जिसमें घास तक मिली हुई थी, जो सरकारी भवन निर्माण के मानकों के विरुद्ध है।

इसके अलावा गिट्टी की गुणवत्ता भी मानक के अनुरूप नहीं पाई गई। सबसे गंभीर गड़बड़ी सरिया के साइज को लेकर सामने आई, जहां कहीं 12 एमएम, कहीं 16 एमएम और कहीं 18 एमएम सरिया का प्रयोग किया जा रहा था, जबकि यह स्वीकृत नक्शा और तकनीकी मानकों के खिलाफ है।

यह मामला पंचायत के सरपंच प्रदीप कुमार समेत कई ग्रामीणों की शिकायत के बाद उजागर हुआ। ग्रामीणों ने पंचायत सरकार भवन निर्माण में धांधली और सरकारी राशि के दुरुपयोग का आरोप लगाते हुए जिला पदाधिकारी, अनुमंडल पदाधिकारी, प्रखंड विकास पदाधिकारी एवं भवन निर्माण विभाग के कनीय अभियंता को लिखित शिकायत दी थी। शिकायतकर्ताओं में प्रदीप पटेल, राकेश पटेल, विजय चौधरी, अजय यादव और मनोज महतो सहित कई ग्रामीण शामिल थे।

बीपीआरओ ने स्पष्ट किया कि जांच में मिली गड़बड़ियों को गंभीरता से लिया गया है और दोषी एजेंसी के खिलाफ कार्रवाई के लिए विस्तृत रिपोर्ट जिला प्रशासन को भेजी जा रही है।

ग्रामीणों ने मांग की है कि निर्माण कार्य की उच्चस्तरीय जांच कर दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में सरकारी भवनों की गुणवत्ता से कोई समझौता न हो और सरकारी धन का दुरुपयोग रोका जा सके।


Share:

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Your experience on this site will be improved by allowing cookies Cookie Policy