Adda Junction - Latest News, Blogs & Stories from India and Beyond | अड्डा जंक्शन – देश-दुनिया की ताज़ा खबरें और ब्लॉग्स

Header

नई दिल्ली 🏛️

Loading...

लखनऊ 🕌

Loading...

पटना 🏯

Loading...

collapse
...
Home / राज्य / बिहार / निगरानी के हत्थे चढ़े मुजफ्फरपुर के जिला कृषि पदाधिकारी, 19 हजार की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार

निगरानी के हत्थे चढ़े मुजफ्फरपुर के जिला कृषि पदाधिकारी, 19 हजार की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार

03/01/2026  Ravishankar Kumar  356 views

मुजफ्फरपुर में भ्रष्टाचार के खिलाफ निगरानी अन्वेषण ब्यूरो ने एक बार फिर सख्त कार्रवाई करते हुए जिला कृषि पदाधिकारी (DAO) सुधीर कुमार को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया। यह कार्रवाई शनिवार को शहर के चर्च रोड स्थित उनके निजी आवास पर की गई, जिससे पूरे जिले में हड़कंप मच गया।

निगरानी विभाग के अनुसार, सुधीर कुमार पर आरोप है कि उन्होंने संविदा कर्मी संतोष कुमार से सेवा विस्तार और पुनः योगदान दिलाने के बदले कुल दो लाख रुपये की अवैध मांग की थी। पीड़ित संतोष कुमार पहले ही 5 दिसंबर 2025 को 1 लाख 81 हजार रुपये दे चुका था, लेकिन इसके बावजूद अधिकारी शेष 19 हजार रुपये के लिए लगातार दबाव बना रहा था।

संतोष कुमार ने बताया कि रिश्वत की रकम जुटाने के लिए उसे गंभीर आर्थिक परेशानियों से गुजरना पड़ा। उसने बैंक से कर्ज लिया, पत्नी के गहने गिरवी रखे और यहां तक कि अपनी गाड़ी भी बेचनी पड़ी। इसके बाद भी अधिकारी की मांग खत्म नहीं हुई और बार-बार पैसे देने का दबाव बनाया जाता रहा। मानसिक और आर्थिक रूप से परेशान होकर संतोष कुमार ने आखिरकार निगरानी अन्वेषण ब्यूरो से संपर्क करने का फैसला किया।

11 दिसंबर 2025 को उसने पटना स्थित निगरानी अन्वेषण ब्यूरो में औपचारिक शिकायत दर्ज कराई। शिकायत की जांच में आरोप सही पाए जाने के बाद निगरानी विभाग ने एक विशेष टीम का गठन किया और पूरी रणनीति के तहत कार्रवाई की योजना बनाई गई।

शनिवार को तय योजना के अनुसार जब संतोष कुमार चर्च रोड स्थित सुधीर कुमार के आवास पर 19 हजार रुपये देने पहुंचा, उसी समय पहले से तैनात निगरानी टीम ने छापा मारकर अधिकारी को रंगे हाथ पकड़ लिया। रिश्वत की राशि भी मौके से बरामद कर ली गई।

निगरानी विभाग के डीएसपी मिथिलेश कुमार ने बताया कि आरोपी को हिरासत में लेकर आगे की कार्रवाई की जा रही है। उनके आवास की तलाशी ली जा रही है, ताकि आय से अधिक संपत्ति से जुड़े साक्ष्य जुटाए जा सकें। गिरफ्तारी के बाद सुधीर कुमार को पटना ले जाया गया है, जहां उन्हें विशेष निगरानी अदालत में पेश किया जाएगा।

गौरतलब है कि सुधीर कुमार के पास जिला कृषि पदाधिकारी के साथ-साथ परियोजना निदेशक (आत्मा) और सहायक निदेशक (शस्य), तिरहुत प्रमंडल का अतिरिक्त प्रभार भी था। इस गिरफ्तारी के बाद कृषि विभाग में अफरा-तफरी का माहौल है और विभागीय स्तर पर भी इसकी गूंज सुनाई दे रही है। यह मामला एक बार फिर सरकारी तंत्र में व्याप्त भ्रष्टाचार पर गंभीर सवाल खड़े करता है।


Share:

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Your experience on this site will be improved by allowing cookies Cookie Policy